"मैं अब जहां भी हूं वह सिर्फ अपने डांस की वजह से हूं : नोरा फतेही

Singh Anchala
नोरा फतेही बॉलीवुड में अभिनेत्री बनने के लिए कुछ साल पहले कनाडा से भारत आई थीं। उनके शुरुआती दिनों में 'रोर्र : टाईगर ऑफ सुंदरबंस' और 'क्रेजी कुक्कड फैमिली' में काम भी मिला, लेकिन इन परियोजनाओं से उन्हें खास लोकप्रियता नहीं मिली।


फिर इसके बाद वह 'बिग बॉस' में नजर आईं और 'बाहुबली : द बिगनिंग' में उनके डांस नंबर 'मनोहारी' ने लोगों का ध्यान उनकी तरफ आर्कषित किया। लोगों के जुबान पर नोरा नाम चढ़ने लगा और फिर अभिनेत्री ने 'सत्यमेव जयते' का गाना 'दिलबर' और 'बाटला हाउस' का गाना 'साकी साकी' में अपने डांस से सबको झूमने पर मजबूर कर दिया।


27 वर्षीय यह अभिनेत्री बॉलीवुड की नई डांसिंग सेंसेशन के रूप में उभर कर सामने आ रही हैं। वहीं अब तक मिली प्रसिद्धि का सारा श्रेय अभिनेत्री अपने डांस नंबर्स को देती है।


नोरा ने आईएएनएस से कहा, "मैंने एक अभिनेत्री के रूप में अपना करियर शुरू किया, लेकिन मेरे अभिनय कौशल पर बहुत ध्यान नहीं दिया गया और फिर मैंने वो सारे काम करना शुरू कर दिया, जो काम मुझे मिलता गया। मुझे हिट गानों में शामिल होने का अवसर मिला। एक प्रशिक्षित डांसर नहीं होने के बावजूद, मैं एक डांस सेंसेशन बन गई, जिसकी मुझे 10 साल पहले तक उम्मीद भी नहीं थी।"


नोरा ने आगे कहा, "मैं अब जहां भी हूं वह सिर्फ अपने डांस की वजह से हूं। मेरे डांस के कारण लोगों ने मुझ पर ध्यान देना शुरू किया। मुझे लगता है कि मेरे डांस परफोर्मेस मेरे ब्रांड को एक कलाकार के रूप में विकसित करने में मदद कर रहे हैं।


अभिनय करना हमेशा से नोरा की प्राथमिकता रही है। हाल ही में 'बाटला हाउस' में अपने डांस मूव्स को फ्लॉन्ट करने के अलावा नोरा को एक कैमियो भूमिका में अपने अभिनय कौशल को दिखाने का मौका भी मिला।


इसके अलावा नोरा को विक्की कौशल के साथ अरिजीत सिंह के म्यूजिक वीडियो 'पछताओगे' में भी देखा गया है, जिसमें अपने डांस मूव्स के साथ नोरा ने अभिनय भी किया है।


Find Out More:

Related Articles: