पीएम मोदी ने नाम लिए बगैर पाकिस्तान पर साधा निशाना, कहा- आतंक पर निर्णायक लड़ाई का वक्त हैं
उन्होंने कहा, "आप लोगों में कई ऐसे हैं, जिन्होंने 2019 के चुनाव में अपना सक्रिय योगदान दिया है। इस चुनाव में भारतीय लोकतंत्र का परचम पूरी दुनिया में लहरा दिया. इस चुनाव में अमेरिका के कुल आबादी का लगभग दोगुने लोगों ने मतदान किया। इस बार सबसे ज्यादा संख्या में महिलाएं चुन कर आई हैं।" प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत का सबसे बड़ा संकल्प है 'न्यू इंडिया'। आज भारत पहले के मुकाबले और तेज गति से आगे बढ़ना चाहता है। आज भारत कुछ लोगों की उस सोच को चुनौती दे रहा है कि जिसके तहत लोग सोचते थे कि 'कुछ बदल नहीं सकता है।' आज भारत ने उन चुनौतियों को हासिल किया है जिसकी पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था।
पीएम मोदी ने किया आर्टिकल 370 का जिक्र-पीएम मोदी ने कहा कि देश के सामने 70 साल से एक और बड़ा चैलेंज था जिसे कुछ दिन पहले भारत ने फेयरवेल दे दिया है। आर्टिकल 370 ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को विकास से और समान अधिकारों से वंचित रखा था। इस स्थिति का लाभ आतंकवाद और अलगाववाद बढ़ाने वाली ताकतें उठा रहीं थीं. उन्होंने कहा कि अब भारत के संविधान ने जो अधिकार बाकी भारतीयों को दिए हैं, वहीं अधिकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को मिल गए हैं। वहां की महिलाओं-बच्चों-दलितों के साथ हो रहा भेदभाव खत्म हो गया है।
नाम लिए बगैर पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर साधा निशाना-पीएम मोदी ने अप्रत्यक्ष रूप से पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए हुए कहा, "हमारे फैसलों से उन लोगों को दिक्कत हो रही है, जिनसे अपना देश संभल नहीं रहा है। उनकी पहचान सारी दुनिया जानती है। अमेरिका में 9/11 हो या मुंबई में 26/11 हो उसके साजिशकर्ता कहां पाए जाते हैं? अब समय आ गया है कि आतंकवाद और आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए।" उन्होंने कहा, "मैं यहां जोर देकर कहना चाहूंगा कि इस लड़ाई में राष्ट्रपति ट्रंप पूरी मजबूती के साथ आतंक के खिलाफ खड़े हैं।"