आतंकी हमले की धमकी से मोदी, विराट समेत कई हस्तियों की सुरक्षा बढ़ाई

Singh Anchala

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पर आतंकी हमले की आशंका जताई गई है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को एक गुमनाम चिट्ठी मिली, जिसमें हमले की धमकी दी गई है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को टीम इंडिया के खिलाड़ियों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। एनआईए ने बाद में इस चिट्ठी को बीसीसीआई को भी भेजा। भारत-बांग्लादेश के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर 3 नवंबर को खेला जाएगा।


दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, एनआईए को मिले पत्र की सूची में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के नाम भी शामिल हैं।


इस चिट्ठी में बताया गया है कि केरल के कोझिकोड का ऑल इंडिया लश्कर नाम का संगठन लोकप्रिय हस्तियों को निशाना बना सकता है। ये पत्र झूठा भी हो सकता है, लेकिन फिर भी खतरे की आशंका को देखते हुए उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसी वजह से स्टेडियम और सभी खिलाड़ियों की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है।


Find Out More:

Related Articles: