विधवा मां के लिए बेटा कर रहा है योग्य वर की तलाश
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हुगली में रहने वाले एक युवक को एक वर की तलाश है और वो भी अपनी मां के लिए। जी हां, सामाजिक रीतियों से उलट गौरव अधिकारी नामक युवक ने फेसबुक पोस्ट कर अपनी विधवा मां के लिए वर की तलाश करने की बात की है। युवक ने लिखा है कि अभी नौकरी और फिर बाद में शादी हो जाने के बाद मां बिल्कुल अकेली हो जाएगी, इसलिए उन्हें एक योग्य जीवनसाथी की तलाश है।
गौरव ने फेसबुक पोस्ट में लिखा है, 'मेरी मां डोला अधिकारी हैं। मेरे पिता का निधन पांच साल पहले 2014 में हो गया था। नौकरी की वजह से मैं अधिकतर घर से बाहर रहता हूं। इससे मां अकेली पड़ जाती हैं। मेरी मां को किताबें पढ़ना और गाने सुनना पसंद है लेकिन मैं अपनी मां के लिए एक जीवनसाथी चाहता हूं। मुझे लगता है कि किताबें और गाने कभी किसी साथी की जगह नहीं ले सकते। एकाकी जीवन गुजारने की बजाय बेहतर तरीके से जीना जरूरी है। मैं आने वाले दिनों में और व्यस्त हो जाऊंगा। मेरी शादी होगी, घर-परिवार होगा लेकिन मेरी मां का क्या?'