पीएम मोदी का चुनावी अभियान, कहा- राज्य के भविष्य के लिए दोबारा भाजपा की सरकार बनना बेहद जरुरी

Singh Anchala
रांची। पीएम नरेंद्र मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंक दिया है। आज पीएम मोदी राज्य के दौलतगंज में चुनावी रैली को सम्बोधित कर रहे हैं। सबसे पहले उन्होंने अपने सम्बोधन में तीन दिन पूर्व लातेहार में शहीद हुए पुलिस के जवानों को में श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने अपने सम्बोधन में कहा कि झारखंड की धरती और उसमे भी पलामू भाजपा के लिए एक मजबूत किला रहा है। आज अगर पूरे भारत में कमल शान से खिला है तो इसमें बहुत बड़ी भूमिका यहां की जनता, भाजपा कार्यकर्ता और आप सबका आशीर्वाद की है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि भाजपा के नेतृत्व में एक स्थिर और मजबूत सरकार का दोबारा बनना यहां बहुत जरूरी है। क्योंकि झारखंड युवावस्था में है, अभी राज्य को जो दिशा मिलेगी, उसका झारखंड के भविष्य पर बहुत प्रभाव पड़ेगा। भाजपा सरकार ने नए झारखंड के लिए सामाजिक न्याय के पांच सूत्रों पर काम किया है। पहला सूत्र है- स्थिरता, दूसरा सूत्र है- सुशासन, तीसरा सूत्र है- समृद्धि, चौथा सूत्र है- सम्मान, पांचवा सूत्र है- सुरक्षा। पीएम ने कहा कि भाजपा ने झारखंड को स्थिर सरकार दी है। भाजपा ने झारखंड में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए दिन रात काम किया है और पारदर्शी व्यवस्थाएं बनाई हैं। भाजपा ने झारखंड में समृद्धि का मार्ग खोला है।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि झारखंड में नक्सलवाद की ये समस्या इसलिए भी बेकाबू हुई क्योंकि यहां राजनीतिक अस्थिरता थी। यहां सरकारें पिछले दरवाज़े से बनती और बिगाड़ी जाती थीं। क्योंकि उनके मूल में स्वार्थ और करप्शन होता था। इन स्वार्थी लोगों में झारखंड की सेवा करने के लिए कोई भावना नहीं है। इन स्वार्थी लोगों के गठबंधन का एकमात्र एजेंडा सत्ताभोग और झारखंड के संसाधनों का दुरुपयोग है। इसीलिए ये एक बार फिर आपको भ्रमित कर आपसे वोट मांग रहे हैं। 

Find Out More:

Related Articles: