चेन्नई में CAA के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए साउथ एक्टर सिद्धार्थ समेत 600 पर एफआईआर
नागरिकता संशोधन एक्ट 2019 (Citizenship amendment act 2019) को लेकर प्रोटेस्ट कर रहे रंग दे बसंती फेम एक्टर सिद्धार्थ पर तमिलनाड़ु चेन्नई पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सिद्धार्थ के अलावा मशहूर सिंगर टीएम कृष्णा, सांसद थिरुमावलम सहित 600 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक इन सभी लोगों ने बीते दिन (19 दिसंबर) को वल्लुवर कोट्टम में बिना इजाजत के प्रदर्शन किया था। बता दें कि इससे पहले भी सिद्धार्थ और टीएम कृष्णा नरेंद्र मोदी सरकार के नीतियों के खिलाफ बयानबाजी करते आए हैं लेकिन इस बार बिल के खिलाफ बोलना इन सेलेब्स को भारी पड़ गया।
वहीं दूसरी ओर खबर मिली है कि हरियाणा सरकार ने एक्ट्रेस को बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड अंबेसडर पद से हटा दिया है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि The Girl On The Train की एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने CAA के खिलाफ गुस्सा जाहिर करते हुए कहा था, ‘जब जब देश की जनता अपनी बात रखेगी या बोलेगी तो उसके साथ ऐसा ही होगा तो #CAB को भूल जाओ, हमें एक बिल पास करना चाहिए और देश को लोकतांत्रिक देश नहीं कहना चाहिए। अपनी बात रखने के लिए भोलेभाले लोगों को पीटना बर्बरता है।’
बीते दिन मुबंई में भी फरहान अख्तर ने भी तमाम बी-टाउन सेलेब्स के साथ कानून के खिलाफ प्रोटेस्ट किया था, जिसमें भारी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए। एक आईपीएस ने फरहान पर भी नियमों के उल्लघंन का आरोप लगाया है, हालांकि उन पर किसी तरह का केस दर्ज नहीं हुआ। जामिया मिल्लिया इस्लामिया और आलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से शुरू हुआ प्रदर्शन अब पूरे देश में हो रहा है। बॉलीवुड से भी तमाम प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों के समर्थन में उतरे हैं।