NRC और CAA के खिलाफ हैं तो घर के बाहर लहराओ तिरंगा : असदुद्दीन ओवैसी
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'जो भी NRC और CAA के खिलाफ हैं, वे अपने घर के बाहर तिरंगा लहराएं। इससे बीजेपी को एक संदेश जाएगा कि उन्होंने एक गलत और काला कानून बना दिया है।' ओवैसी ने इस रैली में ही भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और लोगों ने उनके पीछे-पीछे इसे पढ़कर दोहराया। न्यूज़ एजेंसी ANI ने इस प्रदर्शन का एक वीडियो भी जारी किया है। इसमें ओवैसी NRC और CAA के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों को गलत बता रहे हैं और कह रहे हैं कि हिंसा हरगिज नहीं होनी चाहिए। कोई आपको छेड़े तब भी नहीं होना चाहिए। हिंसा हुई तो किस्सा खत्म हो जाएगा।' ओवैसी ने कहा, 'यह प्रदर्शन कम से कम छह महीने चलना चाहिए। उसके लिए जरूरी है कि माहौल शांति वाला बना रहे। हमें लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करना है।'
बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून 2019 (CAA) के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है। उत्तर प्रदेश, असम, दिल्ली, बिहार में इस कानून को लेकर हिंसात्मक प्रदर्शन हुए। हिंसक विरोध प्रदर्शन में अकेले यूपी में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। असम में भी 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं, उत्तर प्रदेश में घायल पुलिसकर्मियों का आंकड़ा 263 पहुंच चुका है। इसमें 57 पुलिसकर्मी प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से घायल हुए हैं।