Delhi Fire News: आग के बाद धमाके के साथ गिरा था फैक्टरी का हिस्सा, मलबे से निकाले गए 6 लोग, कई अब भी दबे
पश्चिम विहार थाना वेस्ट इलाके में गुरुवार सुबह बैटरी बनाने वाली नामी फैक्टरी में आग लगने बिल्डिंग का कुछ हिस्सा भी गिर गया। इसके मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की सूचना है। हादसे में दमकलकर्मी भी घायल हुए हैं। एनडीआरएफ औऱ फायर बचाव दल मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, इमारत के मलबे में फंसे 6 लोगों को जिंदा निकाला जा चुका है और अभी कुछ और लोगों के फंसे होने की संभावना जताई जा रही है। अभी भी इमारत से आग की लपटें निकल रही हैं।
एडिशनल डीसीपी बाहरी दिल्ली राजेंद्र सागर (Rajendra Sagar,Additional DCPस Outer) ने बताया कि इस हादसे में कुल 14 लोग घायल हुए, जिनमें 13 दमकल कर्मी हैं। आग के बाद हुए धमाके से इमारत का पिछला हिस्सा ढहा है, आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है और बचाव व राहत का काम जारी है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, पीरागढ़ी इलाके में स्थित फैक्टरी में आग गुरुवार सुबह 4.25 मिनट पर लगी। सूचना पर पहुंचीं दमकल की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर ही रही थीं कि अचानक इमारत में तेज धमाका हो गया। इसके बाद इमारत कुछ हिस्सा ढह गया।
बताया जा रहा है कि ढही इमारत के मलबे में कुछ लोग दबे हुए हैं, इनमें दमकलकर्मी भी हैं। घटनास्थल पर बचाव व राहत का काम जारी है। मौके पर दमकल की 30 गाड़ियां मौजूद हैं और आग बुझाने का काम जारी है। जानकारी सामने आ रही है कि दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में जिस फैक्टरी में आग लगी है, वह बैटरी बनाने की फैक्टरी है।। बैटरी में धमाकों के चलते आग तेजी से फैली और इमारत का कुछ हिस्सा भी गिरा है और इसी के नीचे कुछ लोग दबे हुए हैं।