महाराष्ट्र के बाद राजस्थान और बिहार में कोरोनावायरस की दस्तक, चीन से लौटे छात्र अस्पताल में भर्ती

Singh Anchala
नयी दिल्ली। चीन में कोरोनावावायरस ने हड़कंप मचा रखा है। वहां अभी तक इसके कारण 80 लोगों की जान जा चुकी है। चीन के अलावा यह वायरस दुनिया के अन्य देशों में भी दस्तक दे रहा है। भारत में भी कुछ संदिग्ध मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र के बाद रविवार को जयपुर में कोरोनावायरस का एक संदिग्ध मामला सामने आया है। वहीं रिपोर्ट्स के अनुसार बिहार में भी एक लड़की के इसकी चपेट में होने की आशंका है।
 
राजस्थान में चीन से लौटा छात्र भर्ती
 
राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने रविवार बताया कि एक छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि चीन में एमबीबीएस कोर्स पूरा करने के बाद भारत लौटे एक डॉक्टर को कोरोनोवायरस से प्रभावित होने के संदेह में यहां एसएमएस अस्पताल में रखा गया था। मंत्री ने कहा कि सभी परिजनों की स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। मरीज के रक्त का सैंपल पुणे स्थित नेशनल वायरोलॉजी लैब में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के चार जिलों के कुल 18 लोग चीन से भारत वापस लौटे हैं। संबंधित जिला प्रमुखों और स्वास्थ्य अधिकारियों को उनकी 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
 
 
कोरोनोवायरस को लेकर बिहार में अलर्ट
 
रिपोर्ट्स के अनुसार बिहार के छपरा में एक लड़की के कोरोनावायरस की चपेट में होने की आशंका के चलते सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से आज उसे पीएमसीएच लाया जाएगा। लड़की चीन से पढ़ाई करके लौटी है। पटना के सिविल सर्जन डॉक्टर विनय कुमार यादव ने बताया कि चीन में न्यूरो साइंस में पीएचडी करने वाली छात्रा 22 जनवरी को छपरा लौटी थी। तबीयत खराब होने पर उसे आइसोलेटिड वार्ड में भर्ती कराया गया। छपरा में इस वायरस की जांच की व्यवस्था नहीं है इसलिए अब उसे पटना लाया जा रहा है।
 
कोरोनावायरस के चलते 29,707 यात्रियों की हुई जांच: स्वास्थ्य मंत्रालय
 
देश के सात हवाईअड्डों पर कोरोवायरस संक्रमण के संबंध में रविवार तक 137 उड़ानों से आए 29,000 से अधिक यात्रियों की जांच की गई है लेकिन अब तक एक भी मामला सकारात्मक नहीं पाया गया। मंत्रालय ने ट्वीट किया, '137 उड़ानों के 29,707 यात्रियों की जांच की गई। आज 22 उड़ानों के 4,359 यात्रियों की जांच की गई। कोरोनावायरस संक्रमण का अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया।'
 
 
मंत्रालय ने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'नेपाल में कोरोनावायरस के एक मामले की पुष्टि होने के मद्देनजर भारत ने नेपाल की सीमा से सटे जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के झूलाघाट और जौलजीबी में नेपाल के साथ लगती सीमा पर स्वास्थ्य दल तैनात किए गए हैं।'

Find Out More:

Related Articles: