सुशांत सिंह राजपूत मामले को लेकर संजय राउत ने बिहार के सीएम पर दिया बड़ा बयान
बिहार की नीतीश सरकार ने आज बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की जांच सीबीआई से करानी की सिफारिश कर दी है. इसको लेकर राउत ने कहा है कि नीतीश सीबीआई जांच की सिफारिश करके बिहार चुनाव में फायदा लेना चाहते हैं. राउत ने कहा कि सीएम नीतीश संवेदनहीन हो गए हैं और उन्हें समझदारी से काम लेना चाहिए.
संजय राउत ने कहा, ‘’नीतीश को लगता है कि इस मामले पर राजनीति करके उनको बिहार चुनाव में फायदा हो जाएगा. नीतीश कुमार सीनियर नेता हैं. उन्हें समझना चाहिए कि वो क्या चाहते हैं. बार बार कहना कि जांच सीबीआई को दे दीजिए, सीबीआई को दे दीजिए, सीबीआई को इतना ही काम है क्या? अगर आपको लगता कि बिहार की राजनीति के लिए यह मुद्दा है तो आप संवेदनहीन हो गए हैं.’’
राउत ने आगे कहा, ‘’मुंबई की पुलिस दुनिया में प्रतिष्ठित पुलिस है. महाराष्ट्र में कानून का राज है. हमारी सरकार ने किसी को कानून के ऊपर महत्व नहीं दिया. सुशांत सिंह राजपूत का पूरा मामला बेहद दर्दनाक है. हम सब चाहते हैं कि क्या हुआ, कैसे हुआ? जो सच है वो सामने आए. यह देश यही चाहता है. महाराष्ट्र के साथ बिहार अगर झगड़ता रहेगा तो मुझे लगता है कि यह ठीक नहीं है.’’
शिवसेना प्रवक्ता ने आगे कहा, ‘’नीतीश कुमार जी को कोई जानकारी चाहिए तो हमारे मुख्यमंत्री से बात कर सकते हैं. मैं देखता हूं कि उनके डीजीपी टीवी पर जाकर चर्चा करते हैं. पुलिस एक अनुशासित बल है. ऐसे बिहार के पुलिस फोर्स से आप क्या उम्मीद करेंगे. बिहार की पुलिस मुंबई में आकर जानकारी ले सकती है, जांच नहीं कर सकती. अगर उन्हें जानकारी चाहिए तो डीजीपी स्तर, गृहमंत्री स्तर पर बात हो सकती है. अगर आप साथ साथ जांच भी चलाएंगे तो यह मुंबई पुलिस के साथ अन्याय होगा.’’