एकदिवसीय में डबल सेंचुरी उड़ाकर संजू सैमसन ने तोड़े कई रिकॉर्ड, धोनी, धवन भी रह गए पीछे

Gourav Kumar
बेहद ही अद्भूत तरीके से बल्लेबाजी करते हुए केरल के युवा विकेटकीपर बल्‍लेबाज संजू सैमसन ने विजय हजारे ट्रॉफी में शनिवार को गोवा के खिलाफ जबरदस्‍त बल्‍लेबाजी करते हुए नाबाद दोहरा शतक जड़ दिया। उन्‍होंने 129 गेंदों में 21 चौकों व 10 छक्‍कों की मदद से 212 रन बनाए, अपनी इस पारी से उन्‍होंने लिस्‍ट ए क्रिकेट के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। दिलचस्‍प बात रही कि इस दोहरे शतक से पहले सैमसन के नाम लिस्‍ट ए क्रिकेट में कोई शतक नहीं था, 91 रन उनका सर्वोच्‍च स्‍कोर था। उन्‍होंने पारी की शुरुआत धीमी की लेकिन जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी तो उनके रन बनाने की गति भी तेज हो गई। एक समय उन्‍होंने 12 गेंद में 13 रन बनाए थे लेकिन फिर 30 गेंद में उन्‍होंने 50 रन पूरे कर लिए थे, वहीं 66 गेंद में उन्‍होंने शतक पूरा किया। 101 रन से 200 का आंकड़ा सैमसन ने 69 गेंद में पूरा किया और इतिहास रच दिया।


विकेटकीपर का लिस्‍ट ए में सबसे बड़ा स्‍कोर 
संजू सैमसन का 212 रन का स्‍कोर लिस्‍ट ए क्रिकेट में किसी भी विकेटकीपर के लिए सबसे बड़ा स्‍कोर है, उन्‍होंने पाकिस्‍तान के आबिद अली के रिकॉर्ड को तोड़ा। उन्‍होंने पिछले साल इस्‍लामाबाद के लिए खेलते हुए नाबाद 209 रन बनाए थे। वहीं भारतीय विकेटकीपर्स में यह रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम था जिन्‍होंने 2005 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 183 रन बनाए थे। वहीं विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे बड़ा स्‍कोर बनाने का कारनामा भी अब सैमसन के नाम है। उन्‍होंने उत्‍तराखंड के केवी कौशल को पीछे छोड़ा, कौशल ने 2018 में 202 रन बनाए थे। इस टूर्नामेंट में दूसरी बार दोहरा शतक बना है, वहीं विजय हजारे ट्रॉफी 2019 में पहली बार डबल सेंचुरी बनी है।



लिस्‍ट ए क्रिकेट में डबल सेंचुरी लगाने वाले 8वें भारतीय क्रिकेटर
वहीं संजू सैमसन लिस्‍ट ए क्रिकेट में डबल सेंचुरी लगाने वाले 8वें भारतीय क्रिकेटर हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा (3 बार), शिखर धवन और केवी कौशल ऐसा कर चुके थे। लेकिन सैमसन ने भारतीय बल्‍लेबाजों में सबसे तेज दोहरा शतक लगाया. वह पहले भारतीय बल्‍लेबाज हैं जिन्‍होंने नंबर 3 पर उतरकर दोहरा शतक लगाया है। साथ ही किसी भी बल्‍लेबाज का पहले शतक के रूप में यह सर्वोच्‍च स्‍कोर है। संजू सैमसन ने अपने दोहरे शतक के दौरान सचिन बेबी के साथ मिलकर 338 रन की साझेदारी की। यह लिस्ट ए क्रिकेट में तीसरे विकेट के लिए की सबसे बड़ी साझेदारी है. इससे पहले यह रिकॉर्ड टिम और टॉम मूडी के नाम था।

Find Out More:

Related Articles: